गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: सोहना नागरिक अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और पीडब्ल्यूडी विभाग की घोर लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। नागरिक अस्पताल की जर्जर छत बरसात के दौरान जगह-जगह से टपकती है और कई हिस्सों में सीलन एवं टूट-फूट हुई है। इसके बावजूद भी पीडब्ल्यूडी विभाग आंखें मूंदकर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। संस्था करप्शन फ्री इंडिया के हरियाणा प्रदेश प्रवक्ता खेमराज दायमा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा कई बार लिखित रूप से पीडब्ल्यूडी विभाग को छत की मरम्मत और फायर ब्रिगेड लाइन सिस्टम लगाने के लिए पत्र भेजे जा चुके हैं। अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने तथा बजट उपलब्ध होने के बावजूद कार्य शुरू न होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज दूर दराज के गांवों से उपचार के लिए आते हैं, वहां फायर सेफ्टी जैसी मूलभूत व्यवस्था का अधूरा होना प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है। यदि आगजनी या भवन संबंधी कोई दुर्घटना होती है तो उसके लिए सीधे तौर पर संबंधित विभाग और अधिकारी जिम्मेदार होंगे। जिला अध्यक्ष बिरजू अधाना ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर हालात इसके विपरीत हैं। मरीजों के इलाज से पहले उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अस्पताल की छत से लगातार हो रहा पानी का रिसाव भवन की मजबूती पर भी प्रश्नचिह्न लगा रहा है।
इस गंभीर मुद्दे पर सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि: अस्पताल की जर्जर छत की तत्काल तकनीकी जांच कराकर मरम्मत कराई जाए। लंबित फायर ब्रिगेड लाइन सिस्टम का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए।कार्य में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। अस्पताल भवन की सुरक्षा रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। वही दुधिया एकता मंच एनसीआर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा तथा मामले को मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जायेगा “जनता पूछ रही है, आखिर मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ कब तक?

