गुरुग्राम, सतीश भरद्वाज: कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) ने कहा कि शहर में अवैध कब्जे हटाने के नाम पर अमीरों को राहत गरीबों पर बुलडोजर चलाने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि गरीबों को उजाडक़र वाहवाही लूटी जा रही है, लेकिन शहर के बीचों-बीच पनप रही अवैध कॉलोनियों पर उनकी नजर नहीं जाती।
जिलाध्यक्ष ने ओल्ड जेल कॉम्पलेक्स से बेघरों को हटाने के नाम पर उनके साथ बदसलूकी तक की गई, जो कि सही नहीं है। पंकज डावर ने कहा कि पुलिस और जेसीबी की मदद से ओल्ड जेल कॉम्पलेक्स में खुले आसमान के नीचे रह रहे गरीबों को जबरदस्ती हटा दिया। लेकिन जिन लोगों ने सरकार और प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर अवैध कॉलोनियां काटी हैं, उन पर कार्रवाई कब होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों को हटाने पर ही प्रशासन का फोकस अधिक रहता है। बड़ी मछलियों पर ठंडी नजर है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ओल्ड जेल कॉम्पलेक्स में रहने वाले ज्यादातर लोग मजदूर और दिहाड़ी करने वाले हैं। उनके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध कालोनियों में अवैध प्लॉटिंग हो रही है, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है। कांग्रेस नेता ने मांग की कि जीएमडीए और जिला प्रशासन पहले अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करे और भूमाफिया पर शिकंजा कसे। साथ ही बेघर हुए लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। इस मामले में जिला कांग्रेस जल्द ही उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेगी और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाएगी। उनका कहना था कि कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। अगर गरीबों पर कार्रवाई हो सकती है तो अवैध कॉलोनियां काटने वाले बिल्डरों और भूमाफिया पर क्यों नहीं।

