
हिसार ,सतीश भारद्वाज: दीपावली पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए सीएम फ्लाइंग टीम ने शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर शहर में कई स्थानों पर नकली पदार्थों की जांच करने के लिए रेड मारी। इस दौरान मिठाई बनाने वाले तीन प्रतिष्ठानों से तैयार मिठाई व खाद्य तेल के सैम्पल जांच के लिए भरें।
सीएम फ्लाइंग टीम को सूचना मिली थी कि त्योहारी सीजन में कुछ स्थानों पर शहर में मिलावटी और निम्न गुणवत्ता वाली मिठाइयां तैयार कर बेची जा सकती हैं। जिसपर कार्यवाही करते हुए सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाया। टीम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी काजल, एएसआई चंद्रपाल और हेड कांस्टेबल विजय शामिल रहे। सीएम फ्लाईंग टीम ने सबसे पहले मिल गेट स्थित एक मिठाई एवं पनीर प्लांट पर रेड मारी, जहां पर मिठाई तैयार करने का लाइसेंस नहीं मिला। लेकिन वहां पर करीब 3330 किलो रसगुल्ले, 900 किलो चमचम और 15 किलो गुलाब जामुन तैयार मिलें। टीम ने मिठाइयों और खाद्य पदार्थ के सैंपल लिए है, जिनको जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
जिसके बाद टीम गोपाल दूध डेयरी पहुंची। यहां करीब 300 किलो रसगुल्ले मिले। संचालक गोपाल ने मिठाई तैयार करने से संबंधित लाइसेंस प्रस्तुत किया। टीम ने रसगुल्लों का सैंपल लिया। वहीं बड़वाली ढाणी स्थित लावण्या ट्रेडिंग कंपनी में पाम ऑयल, वनस्पति और अन्य खाद्य सामग्री की जांच की गई। यहां 361 टिन पाम ऑयल (5415 किलो), 26 टिन वनस्पति (390 किलो) और सोरबिटोल (ग्लूकोज सिरप) के 36 ड्रम (10800 किलो) मिले। संचालक तरुणा लोहिया ने लाइसेंस प्रस्तुत किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने इन खाद्य सामग्रियों के भी सैंपल जांच के लिए भरें है।
सीएम फ्लाइंग टीम इंचार्ज सुनैना ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरी रोकने के लिए संयुक्त जांच अभियान चलाया गया है। सभी सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कारोबारियों से लाइसेंस लेकर ही खाद्य सामग्री का निर्माण और बिक्री करने तथा स्वच्छता व गुणवत्ता के मानकों का पालन करने की अपील की है।
