गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राममें दीपावली की रात्रि एक दंपती का पीछा कर गाड़ी को टक्कर मारकर परेशान किया गया, इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर से अनेक सवाल खड़े कर दिए हैं। लेकिन बदमाशों द्वारा पीछा करने पर पीड़ित की सुझबुझ से कुछ अनहोनी होने से बचाव हो गया। वहीं रोडरेज की इस घटना में पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया है।
सूत्रों से जानकारी के अनुसार गुरुग्राम में दीपावली की रात सेक्टर-70 एसपीआर स्थित दरबारिपुर रोड की बताई जा रही है, जहां घर लौट रहे एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को दो युवकों ने कथित तौर पर करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर परेशान किया व उनकी कार को टक्कर मारकर रोकने की कोशिश की। जिसकी जानकारी पीड़ित ने पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए पूरी घटना का जिक्र किया है। पीड़ित के अनुसार बताया गया है की दीपावली रात करीब 11 बजकर 55 मिनट पर वह अपनी पत्नी के साथ कार से घर लौट रहा था। जब वे अपने घर से महज एक किलोमीटर पहले थे तो एक दूसरी कार ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। शुरुआत में उसे लगा कि शायद दूसरी कार सवार ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कुछ देर बाद मामला संदिग्ध हो गया। पीड़ित का आरोप है कि दूसरी कार ने आगे निकलकर अचानक ब्रेक लगाए और उसमें सवार युवक नीचे उतरने की कोशिश करने लगे। इसके बाद उसे अपनी जान का खतरा महसूस हुआ और उसने कार की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने की कोशिश की। आरोप है कि दूसरी कार लगातार उसका पीछा करती रही और रास्ते में उसकी गाड़ी को रोकने के लिए काटने का प्रयास भी किया गया।
*सोसायटी के बाहर किया हंगामा*
पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह अपनी सोसाइटी के गेट तक पहुंचा। वहां मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों ने दूसरी कार को रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद भी कार सवार युवक करीब 20 मिनट तक सोसाइटी के गेट पर हंगामा करते रहे और सुरक्षा कर्मचारियों से अंदर जाने को लेकर बहस करते रहे। पीड़ित ने अपनी पोस्ट में बताया कि संबंधित कार की पीछे की नंबर प्लेट गायब थी, जबकि आगे की नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं थी। कार में दो युवक सवार थे,जिनकी उम्र करीब 20 से 25 साल के आसपास बताई गई है।
पीड़ित ने सोशल मीडिया पर साझा किया किस्सा*
पीड़ित ने यह भी दावा किया कि सोसाइटी के सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे बताया कि इलाके में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं और आरोपी स्थानीय है। घटना के बाद पीड़ित ने गुरुग्राम पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए टैग करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित से संपर्क कर कार्यवाही कराने की बात कही है।

