गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: जिले के दूसरे नगर निगम मानेसर की मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने बुधवार को अपने कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि निगम ने क्षेत्रवासियों को दिपावली से पहले 390 करोड़ रुपये की सौगात दी है। निगम की वित्त एवं संविदा कमेटी की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए 390 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिली है। सभी वार्डों में समान रुप से विकास के कार्य होंगे।
मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि जिस प्रकार हरियाणा के खिलाड़ी पूरी दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर देश की झोली में मेडल लाकर डालते हैं। निगम क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए नगर निगम की ओर से निगम क्षेत्र में इनडोर-आउटडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे। यहां के बच्चे इन स्टेडियम या स्पोटर्स काॅम्लेक्स में अभ्यास करेंगे और देश के लिए मेडल जीतकर लाएंगे। मेयर ने बताया कि जोहड़ों का पुर्नविकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। गांव नौरंगपुर में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण, गांव फाजिलवास में इन्डोर स्टेडियम, गांव सिकंदरपुर में 3 एमएलडी की क्षमता वाला एसटीपी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा गांव बढ़ा में अंबेडकर भवन निर्माण, गांवों में कम्युनिटी सेंटर, कम्युनिटी और 103 पब्लिक टाॅयलेट के रख-रखाव के लिए करीब 3 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी मिली है। वार्ड-1 में 20 करोड़ रुपये के विकास कार्य शामिल है, जिनमें 7 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से चंदू रोड़ पर ओपन स्पोटर्स काॅम्लेक्स, 9 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर, वार्ड-2 में 46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वार्ड-2 में 9 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से मल्टीपर्पज बिल्डिंग, 5 करोड़ रुपये से इन्डोर स्टेडियम का पुनिर्माण, 5 करोड़ की लागत से जनसेवा भवन निर्मित होंगे। वार्ड-3 में 13 करोड़ खर्च किए जाएंगे। 7 करोड़ रुपये से गांव बामडौली में कम्युनिटी सेंटर और 5 करोड़ 50 लाख रुपये से मेडिटेशन सेंटर, योगा सेंटर और व्यायाम शाला का निर्माण होगा।
वार्ड-4 में 24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस वार्ड में फिरनी निर्माण, एसटीपी, गांव वजीरपुर में स्पोटर्स काॅम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है। वार्ड-5 में 4 करोड़ 25 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड-6 में 8 करोड़ रुपये, वार्ड-7 में 1़9 करोड़ रुपये, वार्ड-8 में 12 करोड़ 50 लाख रुपये, वार्ड-9 में 25 करोड़ रुपये, वार्ड-12 में 30 करोड़ रुपये, वार्ड-13 में एक करोड़ 50 लाख रुपये, वार्ड-14 में 23 करोड़ रुपये, वार्ड-15 में 14 करोड़ 65 लाख रुपये, वार्ड-16 में 29 करोड़ रुपये, वार्ड-17 में 18 करोड़ रुपये, वार्ड- 18 में 10 करोड़ 50 लाख रुपये वार्ड-19 में 30 करोड़ रुपये और वार्ड-20 में 19 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च होंगे।इस दौरान उनके साथ पार्षद राम प्रकाश, पार्षद भूपेंद्र, पार्षद प्रवेश यादव, पार्षद प्रताप सिंह, पार्षद पिंकी और पार्षद रविंद्र यादव मौजूद रहें।
