गुरुग्राम,सतीश कौशिक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुग्राम के सेक्टर-52 स्थित गर्ल्स कॉलेज में ‘अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की और छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उनके विचारों, अनुभवों तथा भविष्य के सपनों को जाना।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने जीवन से जुड़े अनुभव, चुनौतियां, उपलब्धियां और भविष्य की आकांक्षाएं साझा कीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने छात्राओं के साथ सहज एवं आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी विशेषकर बेटियों के विचारों और अनुभवों को सुनना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान, तकनीक, प्रशासन, उद्यमिता सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए उचित अवसर एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि ‘अनकही कहानियाँ’ जैसे कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी की सोच, संघर्ष और सपनों को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं। जब युवा अपने अनुभवों को खुलकर साझा करते हैं तो समाज को उनकी आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है।
श्री त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान सेवा, जनसंवाद और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर उनकी बात सुनना और उनके साथ खड़े रहना संगठन के कार्यकर्ताओं की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि बेटियों को केवल आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसा वातावरण तैयार करना भी आवश्यक है जिसमें वे बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकें, अपने निर्णय ले सकें और अपनी प्रतिभा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर सकें। उन्होंने छात्राओं के साथ संवाद के दौरान शिक्षा, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जिम्मेदारी और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। छात्राओं ने भी कार्यक्रम को अपने विचार और अनुभव साझा करने के लिए उपयोगी मंच बताया।इस अवसर पर वजीराबाद मंडल अध्यक्ष पवन यादव सहित मंडल की टीम के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

