गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज :- सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाए जा रहे तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दूसरे दिन अर्बन-1 के 177 तथा अर्बन-2 के 156 आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों की वृद्धि एवं विकास की निगरानी के लिए स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा करवाई गई। इसमें बच्चों की लंबाई और वजन मापने के साथ संबंधित जानकारी पोषण ट्रैकर पर दर्ज की गई। बच्चों के लिए चित्रकला, रंग भरने, रंगों एवं आकारों की पहचान जैसी खेल आधारित गतिविधियां तथा कविताओं और बाल गीतों की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपस्थित माताओं, बच्चों, किशोरियों से संवाद किया गया। लाभार्थियों को बच्चों के पोषण, वृद्धि एवं विकास, स्वास्थ्य, खान-पान और अच्छे व्यवहार से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही विभाग द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृ एवं शिशु सुरक्षा योजना, महिला एवं किशोरी सम्मान योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में अर्बन-1 से 10,288 तथा अर्बन-2 से 7,523 लाभार्थियों ने भाग लिया।पोषण माह के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इसके अलावा पौष्टिक थाली का प्रदर्शन कर स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों से संतुलित और पौष्टिक भोजन तैयार करने की जानकारी दी गई। लाभार्थियों को बताया गया कि नियमित पौष्टिक आहार बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।

