गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: जिला प्रशासन एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम की ओर से 19 एवं 20 नवंबर को राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14 में आयोजित दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव शुक्रवार को उत्साह एवं सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। संस्थान के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस महोत्सव में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला, सांस्कृतिक प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
महोत्सव में समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, समूह वाद्य यंत्र वादन, चित्रकला एवं कविता सहित छह विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय लोक संस्कृति, कला एवं साहित्य से जुड़ने का अवसर मिला।महोत्सव का शुभारंभ 19 नवंबर को सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने किया था। इस अवसर पर डॉ. सुनील डबास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा देश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
समापन समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, सहयोगी संस्थानों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने और विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।जिला युवा महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणामों में पेंटिंग विधा में देव पाठक ने प्रथम, वर्षा ने द्वितीय और रवि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में जानवी प्रथम, दिवांशी मिश्रा द्वितीय और अंशु गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं। लोकगीत प्रतियोगिता में नंदनी गिरि ग्रुप ने प्रथम, वानी सिंह ग्रुप ने द्वितीय और विस्मय ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक में खुशी ग्रुप प्रथम रहा। लोक नृत्य में सुमित भारती ग्रुप ने प्रथम, रजनी ग्रुप ने द्वितीय और मीनू ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में चिंटू ग्रुप प्रथम, शिवान्शिका ग्रुप द्वितीय और अमन मेहता ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम की कार्यवाहक प्रधानाचार्या सुनीता ढाका, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य देवानंद, राजकीय आईटीआई सोहना की प्रधानाचार्या सोनिया तक्षक, राजकीय आईटीआई (महिला), गुरुग्राम से सुनीत वत्स, आईटीआई गुरुग्राम के एपीओ डॉ. संतोष कुमार तथा राजकीय आईटीआई मौजाबाद के जीआई एवं प्रभारी विजयपाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

