गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम मे एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो और समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका केवल औपचारिक निपटारा करने के बजाय शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। सभी विभाग अपने स्तर पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और उनके समाधान में किसी भी प्रकार की देरी न होने दें।इससे पहले जीएमडीए के सीईओ डीके बेहरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ बैठक कर समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयावधि से अधिक लंबित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उनका जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत एसडीएम हितेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सीएम विंडो एवं समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से उनके विभागों में लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन शिकायतों का समाधान अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें प्राथमिकता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक शिकायत की प्रगति पर नियमित नजर रखी जाए और संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करें।एसडीएम ने निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर जल्द से जल्द कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजी जाए। शिकायत का समाधान होने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर फीडबैक भी लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उसे समस्या से वास्तविक राहत मिली है।
उन्होंने सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी विभाग की शिकायत 30 दिन से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए। अधिकारी शिकायतों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) दर्ज करते समय पूरी पारदर्शिता बरतें। एटीआर में शिकायत पर की गई कार्रवाई, समाधान की स्थिति और संबंधित तथ्यों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि शिकायत निवारण प्रक्रिया में जवाबदेही बनी रहे। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम पूजा, एसीपी मुख्यालय, गुरुग्राम धरमबीर, डीडीपीओ नवनीत कौर और एलडीएम विनोद कुमार बजाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

