गुरुग्राम, सतीश कौशिक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से श्रवण किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टिकली मंडल के बूथ नंबर 408 स्थित GNH Convention Centre, गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना।इस अवसर पर कैबिनेट राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम मेयर राज रानी मल्होत्रा, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी विधायक विमला चौधरी, भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला महामंत्री अजीत यादव एवं मनीष सैदपुर, मन की बात जिला संयोजक अजय दुआ, टिकली मंडल अध्यक्ष श्रवण राघव, कार्यक्रम संयोजक एवं पार्षद कुलदीप यादव सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में देशवासियों के साथ विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के दस वर्ष पूरे होने के संदर्भ में आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति और सुरक्षा बलों की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने जनगणना को नागरिकों का राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए इसमें सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।प्रधानमंत्री ने आगामी गांधी जयंती के संदर्भ में स्वच्छता के महत्व पर भी प्रकाश डाला और स्वच्छता को महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में रेखांकित किया। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं की प्रतिभा, देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों तथा स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी से किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। ‘मन की बात’ का उद्देश्य नागरिकों से संवाद स्थापित करने और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के नागरिकों को विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय और जनभागीदारी से जुड़े विषयों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन में उठाए गए विषयों को कार्यकर्ताओं और समाज के बीच चर्चा का विषय बनाकर सकारात्मक सामाजिक सहभागिता को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, नशा-मुक्त युवा और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषय केवल सरकारी अभियानों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बूथ स्तर पर ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुनना कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के संदेश से सीधे जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर संवाद का अवसर भी प्रदान करता है। मन की बात कार्यक्रम के पश्चात माननीय प्रधानमंत्री के सामाजिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के निमित्त माननीय मुख्यमंत्री जी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान पर भाजपा पदाधिकारी एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों को विशेष जागरुकता अभियान चलाने का आह्वाहन किया।
इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि आज हम सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 138वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। प्रधानमंत्री जी अपने इस संवाद के माध्यम से देशवासियों से जुड़कर समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं।‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सकारात्मक कार्य कर रहे लोगों के अनुभवों और प्रयासों को देश के सामने लाने का माध्यम है। इससे हमें समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि प्रधानमंत्री जी के संदेशों को आत्मसात करते हुए सेवा, संगठन और समाज के प्रति समर्पण की भावना के साथ निरंतर कार्य करें।

