चंडीगढ़, सतीश कौशिक : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बुधवार को सोनीपत की राई विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ महत्वूपर्ण बैठक की। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ पीएम मोदी की रैली की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी की रैली का न्योता दिया और अधिक से अधिक लोगों को रैली में लाने का आग्रह भी किया। बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने स्वदेशी अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 17 अक्टूबर को नायब सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि नायब सरकार का यह एक वर्ष उपलब्ध्यिं से भरा हुआ है। इस एक वर्ष में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हर वर्ग के उत्थान के लिए बड़े कदम उठाए हैं और ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। नायब सरकार के नायाब कार्यों से जनता में जोश और उत्साह है। श्री बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार की वर्षगांठ पर पीएम मोदी राई में 17 अक्टूबर को ही रैली करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि बिना निमंत्रण कोई घर ना छूटे। घर-घर जाकर प्रधानमंत्री मोदी की रैली का निमंत्रण देना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। स्वदेशी अभियान पर बोलते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हर कार्यकर्ता विदेशी वस्तुओं के बजाय देश में निर्मित उत्पादों को खुद भी अपनाएं और दूसरे लोगों को भी प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी को अपनाकर ही हम सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी जड़ों को पहचानने और गर्व से स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने का आह्वान किया। श्री बड़ौली ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक स्वदेशी अपनाने का संकल्प लेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पीएम मोदी ने 2047 में विकसित भारत बनाने का जो लक्ष्य रखा है वह आत्मनिर्भर भारत से ही पूरा होगा। उन्होंने कहा कि हमे स्वदेशी अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। श्री बड़ौली ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक विचार नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और सांस्कृतिक पहचान है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, राई विधायक कृष्णा गहलावत, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
