गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ललित बत्रा ने गुरुवार को गुरुग्राम स्थित खुशबू वेलफेयर सोसाइटी का दौरा किया। यह संस्था बीते तीन दशकों से दिव्यांगजनों के पुनर्वास, प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जस्टिस बत्रा संस्था के सेक्टर 10 स्थित केंद्र पहुंचे पर निदेशक और उनकी टीम ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने स्पेशल एजुकेशन रूम, फिजियोथेरेपी यूनिट, कम्युनिकेशन और असिस्टिव टेक्नोलॉजी लैब, स्पीच थैरेपी सेंटर तथा मल्टी-सेंसरी इंटीग्रेशन रूम सहित संस्था के विभिन्न विभागों का विस्तार से अवलोकन किया। संस्था की ओर से बताया गया कि वर्तमान में 103 नियमित छात्र, 2 ओपीडी लाभार्थी और 5 दीर्घकालिक आवासीय देखभाल प्राप्त करने वाले विशेष बच्चे संस्था से जुड़े हुए हैं। इन सभी को शिक्षा, चिकित्सा, परामर्श, जीवन-कौशल विकास, संगीत, योग, नृत्य और खेलकूद जैसी विविध गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था को पहले ही महात्मा अवॉर्ड्स फॉर सोशल गुड्स 2019 और गौरव सम्मान पुरस्कार 2020 जैसे सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जो इसके कार्यों की गुणवत्ता और समाज में योगदान को दर्शाते हैं। आयोग के अध्यक्ष ने बच्चों के साथ समय बिताया और शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि खुशबू वेलफेयर सोसाइटी जैसे संस्थान मानवता की सच्ची मिसाल हैं। यहां कार्यरत शिक्षक और चिकित्सक न केवल सेवा कर रहे हैं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का संदेश भी दे रहे हैं।
उन्होंने खुशबू वेलफेयर सोसाइटी की अत्यंत सराहना की और इसे बच्चों के लिए एक आदर्श संस्था बताते हुए कहा कि यह संस्था दिव्यांग बच्चों को न केवल आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है, बल्कि उनकी क्षमताओं और प्रतिभाओं को पूरी तरह विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बच्चों के जीवन कौशल, दैनिक गतिविधियों में स्वावलंबन, और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने संस्था की अत्याधुनिक सुविधाओं जैसे कम्युनिकेशन एंड असिस्टिव टेक्नॉलजी यूनिट, ऑडियोमेट्री लैब, फिजियोथेरेपी और जिम्नेज़ियम तथा दीर्घकालिक देखभाल केंद्र को अत्यंत प्रभावशाली बताया।इस दौरान जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी सरफराज खान, खुशबू वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राकेश जांसी, उपाध्यक्ष रेनू महेश्वरी, कोषाध्यक्ष पंकज जैन, कार्यकारी समिति सदस्य उषा मलिक, डायरेक्टर विजयपाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।

