चण्डीगढ़, सतीश भारद्वाज :हरियाणा पुलिस विभाग के लिए मंगलवार का दिन अमंगल ( दुःखी) बन गया है। पुलिस के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार ने अपने चण्डीगढ़ आवास पर स्वयं को गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की SSP कंवरदीप कौर के अलावा कई सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि उन्होंने सुसाइड किस कारण से किया है।मृतक अधिकारी वाई पूरन कुमार 2001 बैच के हरियाणा कैडर के IPS ऑफिसर थे। गत दिनों 29 सितंबर को ही उनकी रोहतक की सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में IG के तौर पर पोस्टिंग हुई थी। वह 7 अक्टूबर तक छुट्टी पर थे। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार IAS ऑफिसर हैं। वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य अधिकारियों के साथ 5 अक्टूबर को जापान दौरे पर गई हुई है।
आईपीएस अधिकारी परिवार सहित चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में कोठी नंबर 116 में रहते थे। उनके सुसाइड की सूचना के बाद कई सीनियर अधिकारी कोठी पर पहुंचे हैं। उन्होंने पिछले साल प्रदेश में कुछ IPS अफसरों के प्रमोशन पर सवाल उठाया था। ये अफसर 1991, 1996, 1997 और 2005 बैच के थे। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें कहा गया था कि ये प्रमोशन गलत तरीके से किए गए हैं। वित्त विभाग ने गृह मंत्रालय के नियमों को अनदेखा करके सिर्फ अपनी सहमति से ये प्रमोशन कर दिए।उन्होंने पत्र में ये भी लिखा कि उन्होंने पहले 11 अक्टूबर 2022 को गृह विभाग के बड़े अफसर को बताया था कि 2001 बैच के अफसरों को DIG के पद पर प्रमोशन देने के लिए गृह मंत्रालय के नियमों का पालन किया जाए। साथ ही, उनकी सैलरी फिर से तय की जाए और उन्हें बकाया पैसे भी दिए जाएं।

उन्होंने पूर्व DGP मनोज यादव पर भी उत्पीड़न के आरोप लगाए थे,वाई पूरन कुमार ने अंबाला के SP को शिकायत देकर पूर्व DGP मनोज यादव पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। साथ ही SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज करने की गुहार लगाई थी। उनकी शिकायत में बताया गया था कि 3 अगस्त 2020 को सार्वजनिक अवकाश था। उस दिन वे शहजादपुर थाने में बने मंदिर में माथा टेकने गए थे। उसी दिन तत्कालीन SP अभिषेक जोरवाल भी मंदिर में गए थे।जिसपर 17 अगस्त 2020 को तत्कालीन DGP मनोज यादव ने उन्हें एक पत्र जारी कर पूछा था कि क्या थाने में मंदिर स्थापित करने से पहले सरकार से अनुमति ली गई थी? इस पर क्षेत्र पूरन ने कहा था कि मामले को लेकर उन्हें काफी प्रताड़ित किया गया था। उनका आईपीएस अधिकारी राजेश दुग्गल के साथ हुएं कुछ विवादों की भी खबरें मिडिया की सुर्खियां बनी थी। जिसमें उनकी पत्नी पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल की खुलकर सामने आई थी।
अब देखना यह होगा कि जांच एजेंसी इस आत्महत्या मामले में क्या खुलासा करती है। चर्चाएं यह भी है कि उनका काफी अधिकारियों के साथ मनमुटाव रहा है यहां तक की तत्कालीन डीजीपी के साथ भी उनका 36 का ही आंकड़ा था। उन्होंने कई मामलों पर सरकार को घेरा था यहां तक की आरटीआई भी विभाग से जानकारी मांगी थी जिस पर भी उन्होंने सूचना आयोग का दरवाजा खटखटाना पड़ा था। वही बताया यह भी जा रहा है कि उन्होंने कई मामलों में हाई कोर्ट भी जाना पड़ा था। वहीं मनीषा हत्याकांड में भी वे उसी क्षेत्र में तैनात थे।