गुरुग्राम, सतीश कौशिक: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन के दिशा-निर्देशों एवं भाजपा गुरुग्राम जिला प्रभारी संदीप जोशी के मार्गदर्शन में भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने जिला संगठन में दायित्व परिवर्तन करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की है। संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने, पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करने के उद्देश्य से ये महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला संगठन में किए गए दायित्व परिवर्तन के अंतर्गत मन की बात जिला संयोजक अजय दुआ को जिला मीडिया प्रमुख, जिला मीडिया सह प्रमुख राजन चौहान को सोशल मीडिया जिला प्रमुख तथा अन्नू जिंदल को मन की बात जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं की क्षमता, समर्पण और संगठनात्मक अनुभव के अनुरूप उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर संगठन को निरंतर मजबूत किया जाता है। समय-समय पर दायित्वों में परिवर्तन संगठनात्मक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का अवसर प्रदान करता है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया आज संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मीडिया के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाता है, वहीं सोशल मीडिया के जरिए आम नागरिकों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जा सकता है।
श्री त्यागी ने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिम्मेदारियां प्राप्त करने वाले सभी पदाधिकारी संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की सकारात्मक गतिविधियों, सरकार की उपलब्धियों और जनसेवा के कार्यों को तथ्यपरक एवं प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना सभी संबंधित पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता, नवाचार, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनसेवा से जुड़े प्रेरणादायक प्रयासों की जानकारी मिलती है। इस कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने में जिला संयोजक की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा गुरुग्राम जिला संगठन प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीम भावना, आपसी समन्वय और संगठनात्मक अनुशासन के साथ कार्य करता रहेगा। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से संगठन की गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा पार्टी का जनसंपर्क और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनेगा।

