गुरुग्राम, सतीश कौशिक: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को बधाई देते हुए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया हैं। इस अवसर पर गुरुग्राम के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने को संगठन के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय नेतृत्व, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं हरियाणा आलाकमान के मार्गदर्शन और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों ने संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की है। हरियाणा की जनता ने वर्ष 2014, 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में लगातार तीन बार भाजपा को समर्थन देकर लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा है। वर्ष 2024 में भाजपा ने 90 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का जनादेश प्राप्त किया।
जिलाध्यक्ष त्यागी ने कहा कि यह उपलब्धि भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण, अनुशासन और जनता के बीच निरंतर संपर्क का परिणाम है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन ने जनसेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन का विश्वास किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होता है। लगातार तीन विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिले समर्थन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और सेवा के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा दी है। यह जनादेश हमें याद दिलाता है कि जनता के विश्वास का सम्मान करना और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने के दो वर्ष पूर्ण होने पर गुरुग्राम जिले के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और हर्ष का वातावरण है। विशेषकर गुरुग्राम जिले के कार्यकर्ताओं में उमंग और हर्ष का कोई ठिकाना नहीं हैं क्योंकि गुरुग्राम जिले के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से लोकसभा और विधानसभा की चारों सीटें जीतकर भाजपा संगठन को सदृढ़ किया हैं। इस अवसर पर मैं अपनी और भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से गुरुग्राम लोकसभा से सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, बादशाहपुर विधानसभा से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना से विधायक तेजपाल तंवर एवं पटौदी से विधायक बिमला चौधरी को हार्दिक बधाई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार जताया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। श्री त्यागी ने कहा कि भाजपा गुरुग्राम का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, राष्ट्रहित और जनसेवा के उद्देश्यों को लेकर निरंतर कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास रहेगा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए, जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा के विकास में कार्यकर्ता अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।अंत में उन्होंने हरियाणा की जनता, पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार तीन बार मिला जनसमर्थन भाजपा के लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। पार्टी का संकल्प है कि जनता के विश्वास को बनाए रखते हुए सुशासन, विकास और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।

