गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर परिषद सोहना में वर्ष 2014 से 2026 तक करवाए गए विकास एवं निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया हरियाणा प्रदेश टीम ने मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार एवं विजिलेंस विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन एसडीएम कार्यालय सोहना में तहसीलदार श्री यशवंत जी को सौंपा गया। ज्ञापन में नगर परिषद के विकास कार्यों, टेंडर, खरीद, भुगतान, बजट एवं प्रस्तावों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की गई।
सामाजिक कार्यकर्ता बिरजू अधाना ने कहा कि नगर परिषद से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों में अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद पिछले वर्षों में हुए अन्य कार्यों की भी जांच आवश्यक है, ताकि सरकारी धन के उपयोग की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच केवल कागजी रिकॉर्ड तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक कार्य का मौके पर भौतिक एवं तकनीकी सत्यापन कराया जाए। जहां अनियमितता या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि हो, वहां नियमानुसार जिम्मेदारी तय कर रिकवरी एवं कार्रवाई की जाए।इस दौरान अमित गर्ग, महेंद्र मामला, सोनू अवाना, महेंद्र सैनी, महेश खटाना, पंडित पाठक सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

