गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम के बलदेव नगर इलाके में नीलाचल गणेश पूजा एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘गणेश चतुर्थी’ उत्सव में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना हुआ है। जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बप्पा के दरबार में मत्था टेकने पहुंच रही है, बुधवार को इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गुरुग्राम बार एसोसिएशन के प्रधान कुलभूषण भारद्वाज और समाजसेवी नवीन गोयल ने भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा के सामने शीश नवाया और आरती में भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए नवीन गोयल ने कहा कि गणेश उत्सव जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकजुटता को बढ़ावा देते हैं। बप्पा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएं।
वहीं गुरुग्राम बार एसोसिएशन के प्रधान कुलभूषण भारद्वाज ने भी पंडाल में अपने विचार साझा किए। उन्होंने एसोसिएशन के इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक मंच हमारी युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नीलाचल गणेश पूजा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दोनों अतिथियों का पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान बलदेव नगर और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भी बप्पा का आशीर्वाद लिया और भजनों का आनंद उठाया।

