गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम के सेक्टर-10ए स्थित यादव कल्याण परिषद के मंदिर परिसर में नवनिर्मित मूर्तियों की कथित रूप से तोड़ने और परिषद के पदाधिकारियों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में यादव कल्याण परिषद के अध्यक्ष मनोज यादव ने सेक्टर-10ए थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार बताया गया है कि 26 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे दो महिलाएं मंदिर की मुख्य बिल्डिंग में दाखिल हुईं और वहां हाल ही में बनाई गई मूर्तियों की नींव तोड़ दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब मंदिर के पुजारी ईश्वर शास्त्री ने महिलाओं को ऐसा करने से रोका तो उन्होंने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और वहां मौजूद अन्य लोगों को भी अपशब्द कहे।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिलाओं ने परिषद के प्रबंधन से जुड़े लोगों को भी काफी अपशब्द कहे तथा धमकी दी। उस समय मंदिर परिसर में काफी संख्या में लोग और श्रद्धालु मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी महिलाओं ने सभी लोगों के सामने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक मनिंद्र में नयी मूर्तियों की नींव बनाने का कार्य परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष मनोज यादव की निगरानी में कराया जा रहा था। प्रबंधन को आसपास के निवासियों से जानकारी मिली थी कि इस तोड़फोड़ की घटना में सेक्टर-10ए निवासी समंत, पत्नी नेपाल सिंह और उनकी पुत्रवधू कथित रूप से शामिल थीं। यादव कल्याण परिषद के अध्यक्ष ने पुलिस थाना प्रभारी को लिखीत शिकायत देकर मामले की जांच पड़ताल कर आरोपी महिलाओं के खिलाफ जल्द से जल्द उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
जब इस बारे में इस मामले के नियुक्त पुलिस जांच अधिकारी से उनके मोबाइल पर सम्पर्क किया गया तो उन्होंने फोन ही रिसीव नहीं किया जिससे उनका पक्ष नहीं लिखा जा सका।
