गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : संविधान दिवस के अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि भारतीय संविधान केवल नागरिकों को अधिकार प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की प्रेरणा भी देता है। संविधान में समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। इन मूल्यों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाना ही संविधान के प्रति सच्चा सम्मान है।
एडीसी सोनू भट्ट ने इस अवसर पर लघु सचिवालय एवं विकास सदन में अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाते हुए शपथ दिलाई। इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में भी एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर उसके मूल्यों एवं आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।एडीसी ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता देने तथा जनहित से जुड़े दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, नगर निगम गुरुग्राम की संयुक्त आयुक्त सपना यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

