गुरुग्राम, सतीश कौशिक: स्पाइन सर्जरी के क्षेत्र में भारत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गुरुग्राम स्थित पारस हेल्थ में दुनिया की पहली AI-डिजाइन की गई सिरेमिक आर्टिफिशियल लंबर डिस्क का सफलतापूर्वक मानव शरीर में प्रत्यारोपण किया गया।
ऑर्थोपेडिक्स, स्पाइन एवं लिम्ब रिकंस्ट्रक्शन विभाग के डायरेक्टर डॉ. वी. आनंद नाइक ने यह सर्जरी की। इस सर्जरी में निवालोन इवोफ्लेक्स नामक मरीज की शारीरिक संरचना के अनुसार तैयार की गई 3D प्रिंटेड सिरेमिक डिस्क का इस्तेमाल किया गया। 54 वर्षीय अमेरिकी नागरिक और निवालोन के CEO टॉड होड्रिंस्की पिछले करीब 10 वर्षों से कमर के निचले हिस्से में गंभीर दर्द और चलने-फिरने में परेशानी से जूझ रहे थे। उनकी रीढ़ की L4-L5 और L5-S1 डिस्क में खराबी पाई गई थी। सर्जरी के महज 90 मिनट बाद ही वह खड़े होकर चलने में सक्षम हो गए।
डॉ. नाइक के अनुसार, इस तकनीक में मरीज के CT और MRI स्कैन के आधार पर AI की मदद से इम्प्लांट का डिजाइन तैयार किया गया और एडवांस्ड सिरेमिक 3D प्रिंटिंग से इसे बनाया गया। इसका उद्देश्य मरीज की शारीरिक बनावट के अनुरूप इम्प्लांट तैयार करने के साथ रीढ़ की प्राकृतिक गति को बनाए रखना है।करीब चार घंटे चली सर्जरी में 50 मिलीलीटर से भी कम रक्तस्राव हुआ और कोई जटिलता सामने नहीं आई। मरीज की सर्जरी तीस अक्टूबर की की गई थी तथा मरीज को तीन नवंबर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि, इम्प्लांट की दीर्घकालिक सुरक्षा और प्रभावशीलता का आकलन करने के लिए नियमित क्लीनिकल निगरानी जरूरी होगी।इस उपलब्धि को व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप स्पाइनल इम्प्लांट विकसित करने और AI आधारित आधुनिक चिकित्सा तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

