मानेसर, सतीश कौशिक: फोर्टिस हॉस्पिटल मानेसर में डॉक्टरों ने दुर्घटनावश केमिकल निगलने से गंभीर रूप से बीमार हुए 74 वर्षीय बुजुर्ग का सफल उपचार किया। मरीज के पेट से भोजन आगे जाने का रास्ता बंद हो गया था, जिसके कारण वह लगातार 42 दिनों तक कुछ भी खाने में असमर्थ रहे। इस दौरान उनका करीब 7-8 किलोग्राम वजन भी कम हो गया। डॉ. राकेश कुमार, डायरेक्टर जनरल सर्जरी और डॉ.अभिनंदन मिश्रा, सीनियर कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने मरीज की रोबोटिक गैस्ट्रोजेजुनोस्टॉमी सर्जरी की। इसमें पेट के स्वस्थ हिस्से को सीधे छोटी आंत से जोड़कर भोजन के लिए नया रास्ता बनाया गया। इसके अलावा एंडोस्कोपी के जरिए आंतरिक रक्तस्राव को भी रोका गया।
डॉक्टरों के अनुसार, केमिकल के कारण पेट से भोजन बाहर निकलने का रास्ता टिश्यू बनने से पूरी तरह बाधित हो गया था। शुरुआत में मरीज को आईवी के माध्यम से पोषण और तरल पदार्थ दिए गए। सर्जरी के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्होंने धीरे-धीरे तरल पदार्थों से सामान्य खानपान की ओर बढ़ना शुरू किया। हालत स्थिर होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि केमिकल निगलने से पाचन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, डॉ. अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि ऐसे मामलों में शुरुआती लक्षण कम होने के बावजूद अंदरूनी नुकसान बढ़ सकता है, इसलिए तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है। अस्पताल प्रबंधन ने भी केमिकल के सुरक्षित रखरखाव और दुर्घटना होने पर तत्काल उपचार कराने के प्रति जागरूकता पर जोर दिया।

