गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम पुलिस का दोगला चेहरा दीपावली पर साइबर सिटी में देखने को मिला, जहां एक तरफ गुरुग्राम पुलिस ने दीपावली के शुभ अवसर पर रविवार को शहर की विभिन्न झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के बीच जाकर मिठाइयां और उपहार वितरित कर दीपों के त्यौहार की खुशियां साझा कीं। पुलिस आयुक्त शिवास कविराज के निर्देश पर विभिन्न पुलिस टीमों, थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं दूसरी तरफ साइबर हब के पास सड़क पर तैनात हरियाणा पुलिस के जवानों व होमगार्ड ने एक कार में अपने घर जा रहे भाई बहन से दीपावली गिफ्ट की मांग कर डाली। जिससे गुड़गांव पुलिस की जमकर फजीहत हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम पुलिस ने दीपावली के दिन रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में बसी झुगी झोपड़ी तथा अन्य स्थानों पर पहुंचकर गरीब जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों तथा विकलांग लोगों को मिठाइयां एवं उपहार भेंट कर सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था। वहीं दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों के बीच भी वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। पुलिस उपायुक्तों और सहायक पुलिस आयुक्तों ने विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर पर्व की बधाई दी। अधिकारियों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं पुलिस टीमों ने लोगों से दीपावली सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल ढंग से मनाने की अपील की। लोगों को अपने आसपास के नागरिकों की सुरक्षा का ध्यान रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया गया।गुरुग्राम पुलिस का आम लोगों के लिए यह संदेश था कि ऐसी पहल पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग तथा सौहार्द को मजबूत करती है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां निभाना और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी पुलिस की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम पुलिस के ट्रैफिक जवान ( होमगार्ड) ने साइबर हब के पास एक भाई बहन से गिफ्ट मांगा जिसकी एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चल रही है।

