गुरुग्राम, सतीश कौशिक: हरियाणा दिवस के अवसर पर हरियाणा ऑटो चालक संघ, सम्बंधित भारतीय मजदूर संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष महीपाल जी ने की।बैठक में भारतीय प्राईवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर ऑटो चालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आगे की रणनीति और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में उपस्थित गुरूग्राम के 17 ऑटो स्टैंडों के प्रधानों ने विशेष रूप से सीएनजी पंपों पर ऑटो चालकों को पर्याप्त मात्रा में सीएनजी उपलब्ध न होने की समस्या को पुरजोर तरीके से उठाया। इसके साथ ही सीएनजी सिलेंडर टेस्टिंग के नाम पर हो रही कथित अनियमितताओं एवं धांधली को रोकने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय प्राईवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने सभी प्रदेशवासियों को 1 नवंबर हरियाणा दिवस की बधाई प्रेषित की और कहा कि आज ऑटो चालकों के सामने अपनी रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सीएनजी की उपलब्धता में आ रही परेशानी के कारण ऑटो चालकों को अपने परिवार का पालन-पोषण करना कठिन हो रहा है।उन्होंने कहा कि ऑटो चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा जी से मुलाकात करेगा और ऑटो चालकों की समस्याओं को उनके समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान का अनुरोध करेगा।
योगेश शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व निकट है, लेकिन गुरुग्राम में सीएनजी सिलेंडर टेस्टिंग सेंटरों की सीमित संख्या के कारण ऑटो चालकों को टेस्टिंग के लिए अपना नंबर आने में लगभग दो से तीन महीने का समय लग रहा है। ऐसे में यूनियन विधायक महोदय से यह भी अनुरोध करेगी कि ऑटो चालकों को इस समस्या में उचित राहत प्रदान की जाए, ताकि वे बिना किसी अनावश्यक परेशानी के अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार खुशी और सम्मान के साथ मना सकें।उन्होंने कहा कि ऑटो चालक दिन-रात मेहनत करके शहर की परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार और प्रशासन को उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर त्वरित समाधान करना चाहिए, ताकि किसी भी ऑटो चालक के लिए दीपावली का पावन पर्व काली दीपावली साबित न हो।
बैठक में उपस्थित सभी स्टैंड प्रधानों एवं कार्यकर्ताओं ने ऑटो चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक के उपरांत ऑटो चालकों के लिए चाय नाश्ते का प्रबन्घ राजू शर्मा की ओर से किया गया।

