रेवाड़ी, सतीश भारद्वाज : कर्नाटक की नवनियुक्त राज्यपाल पूर्व सांसद डा. सुधा यादव रविवार को अपनी ससुराल गांव धामलावास पहुंचीं। राज्यपाल बनने के बाद पहली बार गांव आगमन पर क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने अपने पति प्रथम कारगिल शहीद डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने पति को श्रद्धांजलि देते वक्त वह काफी भावुक नजर आई। जिला में कर्नाटक की राज्यपाल के आगमन पर प्रशासन द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल डा. सुधा यादव ने 26 मई 1999 के घटनाक्रम को याद करते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी रही हों, लेकिन क्षेत्र के लोगों ने हमेशा उनका भरपूर साथ दिया। उन्होंने कहा कि एक अध्यापिका के रूप में जीवन के उतार-चढ़ाव का सामना करते हुए आगे का सफर तय किया। सभी के सहयोग, आशीर्वाद और विश्वास की बदौलत विभिन्न आयामों को पार करते हुए आज वह राज्यपाल के पद तक पहुंची हैं। क्षेत्र की महिलाओं ने अपनी सहेली को अपने बीच पाकर काफी प्रशांता हुई, गांव की सरपंच व अन्य ने फूलमाला पहनाकर व गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
राज्यपाल डा. सुधा यादव ने कहा कि इस महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व का निर्वहन वह पूरी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के साथ करेंगी। उन्होंने देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगी। वहीं उन्होंने हरियाणा व कर्नाटक के स्थापना दिवस की दोनों राज्यों के निवासियों को बधाई दी, तथा हरियाणा के लोगों को कर्नाटक आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि वहां आकर लोग कर्नाटक की समृद्ध शिक्षा व्यवस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू हो सकेंगे।
इस अवसर पर डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा, एसडीएम दलबीर सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव, वीर कुमार यादव, निशांत यादव, सरपंच मंजू देवी, सुभाष यादव और भूपेंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भाजपा नेता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



