गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश का युवा नशामुक्त होकर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दे। किसी भी राष्ट्र की प्रगति और विकास में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि युवा ऊर्जा सही दिशा में आगे बढ़ेगी तो विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा। इसलिए प्रत्येक युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई को त्यागकर राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़े और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
श्री सिंह रविवार को नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत एसजीटी यूनिवर्सिटी में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के युवाओं के नाम नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को लेकर दिया गया प्रेरणादायी संबोधन भी उपस्थित युवाओं ने सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के मैनेजिंग ट्रस्टी मनमोहन सिंह चावला सहित यूनिवर्सिटी प्रबंधन से अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
*युवाओं की शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत*
कैबिनेट मंत्री ने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत युवाओं का देश है, जहां लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। ऐसे में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की जिम्मेदारी सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि आज कुछ युवा गलत संगत और भटकाव के कारण नशे के चंगुल में फंस रहे हैं, जो न केवल उनके भविष्य बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी चिंता का विषय है। हम सभी का दायित्व है कि ऐसे युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालें। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व अन्य साथियों को भी नशे की लत से बाहर निकालने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई।
*1पौधा लगाकर 5 वर्ष तक देखभाल का लें संकल्प*
राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का महत्वपूर्ण जिला है और यहां के पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की नैतिक एवं सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और केवल पौधा लगाने तक ही सीमित न रहे, बल्कि उसकी कम से कम पांच वर्षों तक देखभाल भी सुनिश्चित करे। तभी वह पौधा एक मजबूत वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान कर सकेगा।
*सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ें, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें*
कैबिनेट मंत्री ने युवाओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में युवा कपड़े के थैले तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाकर इस अभियान का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाए तो देश को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।


