गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रोहतक के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत गुरुग्राम जिला का दौरा किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को नजदीक से समझा। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने डीसी उत्तम सिंह से लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेस हाॅल में मुलाकात की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता अभियानों तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने प्रशासनिक व्यवस्था और योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन को लेकर उत्सुकता से सवाल पूछे।
डीसी उत्तम सिंह ने विद्यार्थियों के सवालों का विस्तार से जवाब देते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा विभागीय समन्वय, नियमित निगरानी और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब प्रशासन के साथ आमजन भी सक्रिय रूप से जुड़कर अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियानों में नागरिकों की सहभागिता के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने में ग्राम पंचायतों, संबंधित विभागों और फील्ड स्तर की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और ग्रामीण विकास की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त किया। इस दौरे के माध्यम से विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं के निर्माण से लेकर उनके जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन तक की प्रक्रिया को समझने में उपयोगी अनुभव मिला।
इस दल की कोऑर्डिनेटर डा. अनामिका राणा ने बताया कि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रोहतक के विद्यार्थियों का यह दल अपने रूरल इंगेजमेंट प्रोग्राम के तहत पांच दिवसीय (21 से 25 सितंबर) के तहत गुरुग्राम दौरे पर है। इस भ्रमण के दौरान यह दल ग्रामीण विकास, प्रशासनिक कार्यशैली और धरातल पर योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगें।

