गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत बुधवार को जोन-3 क्षेत्र में दो संपत्तियों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई। दोनों संपत्तियों पर लंबे समय से बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया गया था। जिसपर सख्त कार्रवाई करते हुए जोन-3 टीम ने साई कुंज स्थित प्रॉपर्टी को सील किया। इस पर 19,29,281 रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। वहीं निगम द्वारा गांव गाडौली खुर्द स्थित प्रॉपर्टी के खिलाफ भी सीलिंग कार्रवाई की गई। उक्त संपत्ति पर 20,37,606 रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इस प्रकार, बुधवार को की गई इन दो कार्रवाइयों में कुल 39,66,887 रुपए की बकाया प्रॉपर्टी टैक्स राशि से संबंधित संपत्तियों को सील किया गया।
नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स की बकाया राशि की वसूली के लिए लगातार निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। निगम का उद्देश्य बकायेदार संपत्ति मालिकों से निर्धारित कर राशि की वसूली सुनिश्चित करना तथा समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के लिए करदाताओं को प्रोत्साहित करना है। नगर निगम की ओर से संपत्ति मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने प्रॉपर्टी टैक्स की स्थिति की जांच करें और किसी भी बकाया राशि का समय पर भुगतान करें, ताकि उन्हें प्रवर्तन कार्रवाई का सामना न करना पड़े।


