गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में आवारा कुत्तों एवं खुले में घूमने वाले पशुओं के बेहतर प्रबंधन, पशु कल्याण तथा नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार नगर निगम द्वारा 2,615 आवारा कुत्तों की नसबंदी तथा 7,028 आवारा कुत्तों का टीकाकरण किया गया है।रिपोर्ट के अनुसार शहर के कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के 100 प्रतिशत टीकाकरण एवं नसबंदी का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। इससे इन क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के प्रबंधन को व्यवस्थित करने तथा रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है।
*कई क्षेत्रों में 100 प्रतिशत टीकाकरण एवं नसबंदी*
रिपोर्ट के अनुसार गांव कन्हई, गांव वजीराबाद, अशोक विहार फेज-1, फेज-2 एवं फेज-3, गांव सिलोखरा, सैनी खेड़ा तथा चक्करपुर में आवारा कुत्तों का 100 प्रतिशत टीकाकरण एवं नसबंदी की गई है। इसके अतिरिक्त कई सेक्टरों में भी यह कार्य पूरा किया गया है। इनमें सेक्टर-4, 5, 10, 10ए, 12, 12ए, 15 पार्ट-1 एवं 2, 27, 28, 30, 31, 38, 40, 41, 44, 45, 46, 47 एवं 52 शामिल हैं। नगर निगम द्वारा क्षेत्रवार तरीके से किए जा रहे इस कार्य का उद्देश्य आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य प्रबंधन और टीकाकरण को सुनिश्चित करना है।
*2,615 कुत्तों की नसबंदी,7,028 का टीकाकरण*
रिपोर्ट के अनुसार 25 सितंबर 2026 तक कुल 2,615 आवारा कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है, जबकि 7,028 कुत्तों का टीकाकरण किया गया है। नसबंदी और टीकाकरण अभियान को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्रवार अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक आवारा कुत्तों को इस व्यवस्था के अंतर्गत लाने का प्रयास किया जा रहा है।
*खुले में घूमने वाले सभी पशुओं को किया टैग*
खुले में घूमने वाले पशुओं के प्रबंधन के लिए भी नगर निगम द्वारा कार्रवाई जारी है। 25 सितंबर तक नगर निगम की टीमों द्वारा कुल 1,248 पशुओं को पकड़ा गया है। रिपोर्ट के अनुसार पकड़े गए सभी 1,248 पशुओं की टैगिंग की गई है। पशुओं की टैगिंग से उनकी पहचान एवं रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद मिलती है तथा खुले में घूमने वाले पशुओं के प्रबंधन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और निगरानी योग्य बनाया जा सकता है।
*व्यवस्थित पशु प्रबंधन की दिशा में निरंतर प्रयास*
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आवारा कुत्तों के टीकाकरण एवं नसबंदी तथा खुले में घूमने वाले पशुओं को पकड़ने और टैग करने की कार्रवाई को क्षेत्रवार तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिक सुरक्षा, पशु कल्याण और शहर में बेहतर पशु प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। नगर निगम का प्रयास है कि टीकाकरण एवं नसबंदी कार्यक्रम का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी किया जाए और खुले में घूमने वाले पशुओं की पहचान एवं प्रबंधन के लिए टैगिंग व्यवस्था को प्रभावी रूप से जारी रखा जाए।

