गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: सेवा, समर्पण और जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही बाइक सेवा यात्रा का सोमवार को गुरुग्राम जिले में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों से होते हुए गुरुग्राम पहुंची बाइक सेवा यात्रा का पटौदी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और उत्साहपूर्ण वातावरण में अभिनंदन किया गया। इस दौरान स्वच्छता, पौधारोपण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
जिले की पटौदी विधानसभा क्षेत्र में बाइक सेवा यात्रा के प्रवेश करने पर हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा स्थानीय विधायक बिमला चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव भी मौजूद रहे।
*सेवा को जन-जन तक पहुंचाना संकल्प*
पटौदी विधानसभा में जमालपुर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को राज्य मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि बाइक सेवा यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचकर सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सेवा का यह भाव समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण को गति देने का माध्यम बनेगा।
*सेवा और जनभागीदारी से मजबूत होगा समाज *
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि सेवा और समर्पण भारतीय संस्कृति की मूल भावना रही है और इसी भावना को आगे बढ़ाने का कार्य सेवा संकल्प अभियान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पटौदी क्षेत्र में बाइक सेवा यात्रा का स्वागत करना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाएं और जरूरतमंदों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने स्वच्छता एवं पौधारोपण जैसे कार्यक्रमों को सेवा के व्यापक भाव से जोड़ते हुए कहा कि समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
*शहीदों की वीरांगनाओं का शॉल भेंट कर किया सम्मान*
इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं बाइक सेवा यात्रियों ने क्षेत्र के शहीदों एवं बलिदानियों की वीरांगनाओं का शॉल भेंट कर सम्मान किया। शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि देश की रक्षा और राष्ट्र सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
*सेवा यात्रा के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संदेश दिया*
सेवा संकल्प अभियान के तहत बाइक सेवा यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। जमालपुर स्थित शिव मंदिर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
*लाभार्थियों से किया संवाद, योजनाओं की जानकारी साझा की*
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया गया। लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकारी योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी दी। बाइक सेवा यात्रा के गुरुग्राम जिले में प्रवेश से लेकर पटौदी क्षेत्र में विभिन्न पड़ावों तक स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर बाइक सेवा यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। यात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री जयप्रकाश, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, जिला उपाध्यक्ष मेहर सिंह गांधी, भाजपा के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष महेश यादव, सरपंच एकता एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत यादव, विश्व हिंदू परिषद के गुरुग्राम ज़िला अध्यक्ष राजेंद्र यादव, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश तथा प्रदीप सहित पार्टी के मंडल पदाधिकारी, तहसीलदार पटौदी रोहताश पंवार, बीडीपीओ फर्रूखनगर नरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

