गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में वार्ड नंबर-21 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में निगम पार्षद सोनिया यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला महामंत्री अजीत यादव, वजीराबाद मंडल अध्यक्ष पवन यादव सहित स्थानीय निवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।
*जनभागीदारी से स्वच्छता को मिलेगा बल*
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया तथा अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं डालने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की गई।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर गुरुग्राम के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता अभियानों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर होने वाले ऐसे अभियानों से नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वच्छ वातावरण तैयार किया जा सकता है।
*बादशाहपुर तालाब का निरीक्षण व स्वच्छता पर विशेष फोकस *
इसी क्रम में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने संयुक्त आयुक्त सपना यादव एवं पार्षद ज्योति जैलदार के साथ नव-जीर्णोद्धार किए गए बादशाहपुर तालाब का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके पर स्वच्छता अभियान में कार्यरत एनजीओ की टीम से बातचीत की और तालाब परिसर में चल रहे सफाई एवं स्वच्छता कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर चल रहे स्वच्छता प्रयासों की समीक्षा की तथा तालाब क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बनाए रखने पर ध्यान दिया। एनजीओ द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली गई।
तालाब के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वहां चल रहे स्वच्छता एवं सफाई प्रयासों की समीक्षा करना तथा क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लेना रहा। नगर निगम की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान, फील्ड निरीक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

