पलवल, सतीश कौशिक: सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए निकली बाइक यात्रा के पलवल जिले में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम और मंत्री राजेश नागर ने यात्रा में शामिल बाइक सवारों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा देश की एकता, सेवा और जनसरोकारों का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और जनकल्याण के कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भी बाइक यात्रा में शामिल युवाओं एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया और कहा कि सेवा का भाव भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। पलवल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

