गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार, 27 सितंबर को गुरुग्राम के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दो प्रमुख कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। आयोजन को लेकर दोनों स्थानों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। डीसी उत्तम सिंह ने जीएनएच कन्वेंशन सेंटर पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा तथा संबधित अधिकारयों को कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान हरियाणा विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी भी मौजूद रहे। निर्धारित शेड्यूल के तहत मुख्यमंत्री प्रातः 9 बजे गुरुग्राम विश्वविद्यालय, सेक्टर-51 में आयोजित अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम का आयोजन गुरुग्राम विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग एवं वसुधैव कुटुम्बकम सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री प्रातः 11 बजे सेक्टर-48 स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण करेंगे। आयोजन स्थल पर बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय, निगम पार्षद कुलदीप यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
