गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम में सेक्टर-22A की सक्षम वेलफेयर एसोसिएशन (SWA) की चुनाव प्रक्रिया और वोटर लिस्ट को लेकर निवासियों ने जिला रजिस्ट्रार, फर्म्स एंड सोसायटीज, गुरुग्राम के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में एसोसिएशन के चुनाव और सदस्यता प्रक्रिया में कई गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार एक जागरूक स्थानीय निवासी ने 10 अगस्त को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष द्वारा चुनाव के लिए अब तक AGM नहीं बुलाई गई है, जबकि उनका कार्यकाल 15 अगस्त 2026 को समाप्त होना है। शिकायतकर्ताओं ने Returning Officer की नियुक्ति, बैलेंस शीट और AGM के मिनट्स को लेकर भी सवाल उठाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि एसोसिएशन के 2012 के बायलॉज के अनुरूप प्रक्रिया का पालन किए बिना कई फैसले मनमाने तरीके से लिए गए। इसके अलावा, पिछली AGM में सदस्यता शुल्क 10 रुपये निर्धारित होने के बावजूद सदस्यों से 100 रुपये लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।निवासियों के अनुसार सेक्टर में करीब 700 मकान हैं, लेकिन केवल 417 सदस्यताएं बनाई गई हैं। आरोप है कि लगभग 70-80 ऐसे निवासियों ने 100 रुपये सदस्यता शुल्क का भुगतान किया, जिन्हें वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किया गया। शिकायतकर्ताओं ने इसे वोटर लिस्ट में कथित छेड़छाड़ का मामला बताया है।
शिकायत में ‘वन हाउस, वन वोट’ के अधिकार को भी प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है। निवासियों का कहना है कि बिना किसी AGM प्रस्ताव के केवल स्वामित्व के आधार पर कुछ नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। वहीं, Returning Officer की नियुक्ति की जानकारी भी निवासियों को पूर्व सूचना दिए बिना किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, शिकायतकर्ताओं ने एसोसिएशन कार्यालय में उपलब्ध कुछ दस्तावेजों के बैकडेटेड होने की आशंका जताई है। वहीं 8 अगस्त 2026 की वोटर लिस्ट में कई मकान नंबरों से संबंधित सदस्यों के नाम गायब होने का भी दावा किया गया है और संबंधित संपत्ति रिकॉर्ड के आधार पर इन प्रविष्टियों का सत्यापन कराने की मांग की गई है।निवासियों ने जिला रजिस्ट्रार से मांग की है कि Returning Officer को 2012 के बायलॉज के अनुसार निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया जाए और सदस्यता शुल्क जमा करने वाले सभी पात्र निवासियों को वोटर लिस्ट में शामिल किया जाए। साथ ही, 9 अगस्त 2026 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन फॉर्म स्वीकार करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की गई है।शिकायत की प्रति Returning Officer, सेक्टर-22A SWA को भी भेजी गई है। अब जिला रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सेक्टर-22A के निवासियों की नजर बनी हुई है। जबकि चुनाव आगामी 24 अगस्त को होने बताएं जा रहें हैं।
वहीं सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि इस सारे प्रकरण में एक पूर्व पार्षद की भूमिका अहम है,जिसपर भी काफी भष्टाचार व धोखाधड़ी के आरोप लगें हैं। जो आजकल प्रदेश के केबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह की जी हजूरी में लगा हुआ है। जिसकी वजह से अधिकतर जागरूक नागरिक डर की वजह से खुलकर सामने आने से डर रहे हैं।

