गुरुग्राम, सतीश भरद्वाज : हरियाणा के आरटीआई एक्टिविस्ट कॉमरेड पीपी कपूर को करीब 2 महीने पहले फोन पर जान से खत्म करने की धमकी देने के मामले में श्री तारा एनक्लेव कालोनी में प्रमुख समाज सेवी जगपाल सिंह जौरासी की अध्यक्षता में मौजिज व्यक्तियों की पंचायत हुई । पंचायत में कुरुक्षेत्र से आए स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज गीता मनीषी के निजी ड्राइवर सुरेश भसीन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित रूप से माफ़ी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का आश्वासन दिया । इस पर पंचायत की समझाइश पर आरटीआई एक्टिविस्ट कॉमरेड पीपी कपूर ने भी आरोपी को माफ करते हुए आगे कोई कारवाई न करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि गत 12 जून को पीपी कपूर ने सोशल मीडिया पर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज गीता मनीषी के बैक ग्राउंड हिस्ट्री पूछते हुए पोस्ट शेयर की तो ज्ञानानंद जी महाराज के निजी ड्राइवर कुरुक्षेत्र वासी सुरेश भसीन ने कपूर को फोन पर जान से खत्म करने की धमकी दे दी थी । जिस कारण दोनों पक्षों में भारी तनाव बना हुआ था । लेकिन मौजिज व्यक्तियों की पंचायत के हस्तक्षेप पर यह विवाद बड़े ही सद्भावपूर्वक ढंग से समाप्त हो गया । पंचायत में प्रमुख समाज सेवी जगपाल जौरासी,पंजाबी वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक लेख राज खट्टर,सुरेश निरंकारी ,ज्ञान तनेजा, स्वामी ज्ञानानंद महाराज के अनुयायियों विजय नरूला (कैथल), राजेंद्र चोपड़ा (कुरुक्षेत्र ), विनोद कुमार (चंडीगढ़ ),राजन सपरा, डॉ रेखा सिंह (गुजरात),श्री तारा एनक्लेव सेवा समिति (आरडब्ल्यूए) प्रधान सुभाष रमन,अनाज मंडी पूर्व प्रधान चौ. महिपाल छोकर , राज कुमार छोकर, विजेंद्र धीमान, रोहित लाहोट, सुनील छोकर,सचिन अग्रवाल,कुलदीप देशवाल आदि शामिल हुए।
बता दें कि उक्त मामले में पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस अधिकारियों को कहीं दफा लिखित शिकायत भी दी तथा उनसे व्यक्तिगत भी मिले लेकिन प्रशासनिक दबाव के चलते आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे निराश होकर हाई कोर्ट में जाने का मन बना लिया था। जिससे अपनी फजीहत होने के डर से मामले में आपसी सहमति से समझौता किया गया लगता है। इस समझोते से पानीपत पुलिस को अवश्य राहत मिली है।

