
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर खंड के गांव कारोला में गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सागर पुत्र मुनीलाल के रूप में हुई है। घटना के बाद घायल अवस्था में उसे पटौदी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को कुछ हमलावर कई वाहनों में सवार होकर गांव कारोला पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सागर पर अचानक लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। जैसे ही घटना की सूचना परिजन को मिली तो वे मौके पर पहुंचे और घायल सागर को तत्काल पटौदी के नागरिक अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। उनका यह भी दावा है कि घटना के दौरान गोली भी चलाई गई, हालांकि पुलिस ने अभी तक गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में तनाव व दहशत का माहौल बना हुआ है।
