गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा मंगलवार दोपहर सेक्टर-10ए में अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। एचएसवीपी के शहरी संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी के निर्देश पर इंफोर्समेंट टीम ने सेक्टर-10ए की सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान सर्वे एसडीओ अजमेर सिंह के नेतृत्व में टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बताया गया कि एक मकान के साथ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इसके अलावा सेक्टर-10ए की मुख्य सड़क पर लगाए गए करीब 6 अवैध गेटों को दो जेसीबी मशीनों की मदद से तोड़कर हटाया गया।
जेई ललित हंस ने जानकारी दी कि इन गेटों के बंद रहने के कारण सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आम जनता को परेशानी होती थी। एचएसवीपी अधिकारियों ने लोगों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी ने दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस कार्रवाई से पहले एनफोर्समेंट अधिकारियों के निर्देशानुसार दो दिन पूर्व मुनादी कर लोगों को जमीन खाली करने के आदेश दिए गए थे। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में उपमंडल अभियंता नरेश राणा व सर्वे टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
बता दें कि पिछले करीब 15 दिनों से एचएसवीपी विभाग ने गुरुग्राम के कई सेक्टरों में से विभाग की जमीन से अवैध अतिक्रमण तथा अवैध कब्जे हटाए हैं, बहुत ही सराहनीय कार्य किया है,लेकिन लोगों में यह चर्चाएं है कि विभाग में बैठे कुछ ऊंची पहुंच वाले अधिकारी केवल गरीब असहाय लोगों पर ही कार्यवाही करके सुर्खियों बटोर रहे हैं,जबकि गुड़गांव के कृष्णा चौक पालम विहार, सैक्टर 21, 22, 23 व अन्य सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर चांदी कुटने वाले भाजपा के कुछ छुटभैय्ए व उनके परिवार पर हाथ डालने से कतरा रहे हैं।

