गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अनुपस्थित रहने तथा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन नहीं करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम की ओर से विभिन्न पुलिस थानों को पत्र भेजकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। नगर निगम गुरुग्राम के जोनल टैक्सेशन अधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों द्वारा जारी पत्रों में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को जनगणना कार्य के लिए एन्यूमरेटर नियुक्त किया गया था। उन्हें निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने तथा सौंपे गए कार्यों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके कई कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में भाग नहीं लिया और जनगणना कार्य करने से इनकार किया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित कर्मियों का यह व्यवहार न केवल सरकारी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे जनगणना संचालन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने कहा कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद कार्य में सहयोग नहीं किया गया, जिसके चलते प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े।जारी नोटिसों में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत यदि कोई व्यक्ति जनगणना कार्य करने से इनकार करता है अथवा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को कारावास की सजा भी हो सकती है, जिसकी अवधि तीन वर्ष तक बढ़ाई जा सकती है।
नगर निगम द्वारा जिन व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है, उनमें ईशा चावला, मीना शर्मा, शर्मिला, दीपा, सुमित्रा, नरेंद्र सिंह, विनीत राज, धर्मवीर सिंह, कृष्ण लाल, महिपाल, नेहा गोदारा, भावना यादव और रेखा रानी सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। ये कर्मचारी विभिन्न विभागों, बैंकों, स्कूलों तथा संस्थानों से संबंधित हैं और उन्हें जनगणना संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पुलिस थानों से इन मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा एक्शन टेकन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुपस्थिति या सरकारी कार्य में बाधा को गंभीरता से लिया जाएगा। नगर निगम गुरुग्राम ने सभी नियुक्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ पूरा करें, ताकि प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

