गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निपटान और प्रशासनिक सेवाओं को लोगों तक सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ये शिविर आमजन के लिए अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का प्रभावी मंच साबित हो रहे हैं। इसी क्रम में आज लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर आयोजित किया गया, जहां एसडीएम परमजीत चहल ने उपस्थित नागरिकों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता मिल रही है, जिससे उनकी शिकायतों का मौके पर ही निपटारा संभव हो रहा है और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।आज आयोजित शिविर में कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों को गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ लेते हुए तय समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इनका लाभ मिल सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का प्रभावी समाधान कर सुशासन और जनसेवा की भावना को सुदृढ़ किया जाए।

