गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम में रविवार रात्रि जिला नागरिक अस्पताल में इलाज करवाने गई एक युवती पर उसके एक्स बॉयफ्रेंड ने एसिड डालकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिससे पीड़िता का चेहरा और शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। घायल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एक 24 वर्षीय युवती रविवार को अपनी मौसी से मिलने के लिए नूंह से गुरुग्राम सुभाष नगर आई थी। उसके पीछे नूंह का रहने वाला एक युवक उससे मिलने के लिए गुरुग्राम आ गया। जहां पर युवती और युवक का आपस में काफी लड़ाई झगड़ा हुआ। आरोप है कि झगड़े में युवक ने पीड़ित के साथ मारपीट कर चोटें मारी, इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए थे।
जब घायल युवती रात करीब साढ़े आठ बजे शहर के जिला नागरिक अस्पताल पहुंची तो आरोपी ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद युवक फरार हो गया। युवती को तुरंत इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए रेफर कर दिया।मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर 10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़िता के बयान देने के काबिल न होने से बयान नहीं ले सकी, जिसकी वजह से मामला दर्ज नहीं हो पाया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने बताया कि एक युवती पर उसके बॉयफ्रेंड द्वारा ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की सूचना मिली थी। अभी पीड़ित लड़की की स्टेटमेंट नहीं ली जा सकी है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए जा रहे हैं। आरोपी की पहचान हो चुकी है,जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
