गुरुग्राम, सतीश भरद्वाज : गुरुग्राम लोकसभा से सांसद एवं अहीरवाल के राजा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के 76वें जन्मदिन पर बुधवार को दिल्ली स्थित उनके निवास पर स्नेह, सम्मान और विश्वास का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। अल सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगना शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। देश के कोने-कोने से समर्थक, कार्यकर्ता और शुभचिंतक अपने प्रिय नेता को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। इस अवसर पर देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल के अनेक साथियों ने राव इंद्रजीत सिंह को शुभकामनाएं दीं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और विभिन्न दलों के नेताओं ने भी उनके स्वच्छ, बेदाग और जनसेवी राजनीतिक जीवन की सराहना करते हुए बधाई संदेश प्रेषित किए।तलवार से काटा 76 किलो का केकजन्मदिन के अवसर पर एक विशेष आकर्षण 76 किलो का विशाल केक रहा, जिसे राव इंद्रजीत सिंह ने तलवार से काटा। इस मौके पर हरियाणा में कैबिनेट मंत्री एवं उनकी पुत्री आरती राव भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली के विधायक अनिल यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव और पटौदी की विधायक बिमला चौधरी सहित छह विधायक बधाई देने दिल्ली पहुंचे। सैकड़ों कार्यकर्ता अपने-अपने केक लेकर पहुंचे और उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते-गाते नजर आए। मातृशक्ति की भी बड़ी भागीदारी रही। लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण था कि राव इंद्रजीत सिंह का प्रभाव किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक विस्तृत है।“मैं 75 साल का जवान हूं”कार्यकर्ताओं के उत्साह से अभिभूत राव इंद्रजीत सिंह ने कहा, “जिसके पास लोगों का समर्थन, प्यार और आशीर्वाद होता है, वह कभी बूढ़ा नहीं हो सकता। मैं 75 साल का जवान हूं। अभी बहुत से काम अधूरे हैं, उन्हें पूरा करना है।” उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह ही उनकी असली ताकत है और वही उन्हें निरंतर ऊर्जा देता है। उनके इस वक्तव्य से 2029 के चुनाव को लेकर सक्रिय राजनीति से संन्यास की अटकलों पर भी विराम लगता नजर आया।
सांसद का जन्मदिन दिल्ली स्थित निवास के अलावा गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र, अहीरवाल और हरियाणा के विभिन्न जिलों के साथ-साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश व देश भर में भी राव इंद्रजीत सिंह का जन्मदिन उत्सव के रूप में मनाया गया। कई स्थानों पर मंदिरों में विशेष आरती और भजन-कीर्तन हुए, कलश यात्राएं निकाली गईं, हवन और सवामनी का आयोजन हुआ। गौशालाओं में सेवा कार्य किए गए। अनेक जगहों पर रक्तदान शिविर, फ्री हेल्थ चेकअप कैंप लगाए गए, अनाथ बच्चों को भोजन कराया गया और मरीजों को फल वितरित किए गए। समर्थकों ने इसे जनसेवा के संकल्प दिवस के रूप में मनाया।जनसेवा की पहचान लगातार कई दशकों से सक्रिय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले राव इंद्रजीत सिंह को उनके समर्थक ईमानदार, मिलनसार और बेदाग छवि वाले नेता के रूप में देखते हैं।
गुरुग्राम और अहीरवाल क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने उनके द्वारा क्षेत्र के विकास और दी गई सौगातों के लिए आभार प्रकट किया और लंबे समय तक उनके नेतृत्व की आवश्यकता जताई।कुल मिलाकर राव इंद्रजीत सिंह का 76वां जन्मदिन केवल एक व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि जनआस्था, विश्वास और स्नेह के विराट प्रदर्शन के रूप में सामने आया।

