
नारनौल, सतीश भारद्वाज : हरियाणा में नारनौल तहसील के गांव रामबास में एक जमीन विवाद को लेकर रविवार शाम गाड़ियों में भरकर आए कुछ लोगों ने एक घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल गांव पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के बयान लिए। घटना स्थल पर निरीक्षण करने मौके पर एसएचओ व डीएसपी भी पहुंचे।
जानकारी के अनुसार गांव रामबास निवासी वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके घर पर 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। उसने बताया कि यह पूरा मामला उनके परिवार के पुराने जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। उनके भाई ने पहले अपनी जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया था और हाल ही में बचा हुआ हिस्सा भी किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया।
*सरसों की फसल को पहुंचाया नुकसान*
वीरेंद्र सिंह का आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से कुछ लोग खेत में पहुंचे और वहां खड़ी सरसों की फसल को नुकसान पहुंचाया। जब वे खेत पर मौजूद नहीं मिले तो आरोपी सीधे उनके घर पहुंच गए और वहां अंधाधुंध फायरिंग कर दी।पीड़ित के अनुसार, 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि यह इलाका खुला होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कोई भी घायल नहीं हुआ। इस घटना से परिवार बाल-बाल बच गया।
पीड़ित ने गांव के ही कुछ लोगों पर घटना में शामिल होने का संदेह जताया है। उन्होंने प्रदीप, जो वर्तमान में दिल्ली पुलिस में कार्यरत है, तथा उसके भाइयों रविंद्र सहित अन्य लोगों के नाम लिए हैं। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की है।घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी भारत भूषण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायरिंग स्थल से खोखे व अन्य सबूत एकत्र किए। पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनका एक ही बेटा है, जो वर्तमान में भारतीय सेना में सेवारत है। उन्होंने प्रशासन से जल्द न्याय और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

