
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि देश के आम बजट में देश की राजधानी के साथ लगते हरियाणा के हाथ खाली रहने का मतलब यही है कि ट्रिपल इंजन की सरकार का इंजन फेल हो चुका है। बड़ी-बड़ी बातें करने वाली हरियाणा सरकार को बजट में आईना दिखा दिया गया है। सरकार अब देश के बजट से हरियाणा को कुछ मिलने की उम्मीदें जताकर अपनी खाल बचाने का काम कर रही है।उन्होंने कहा कि 12 साल से हरियाणा को देश के बजट में कुछ नहीं दिया जा रहा। विशेषकर गुरुग्राम तो पिछड़ ही रहा है। हरियाणा के साथ इसे सौतेला व्यवहार ही कहा जाएगा। सबसे छोटा राज्य होने के बाद भी सबसे अधिक राजस्व और टोल टैक्स देने वाला हरियाणा राज्य केंद्र सरकार के विकास के एजेंडे से बाहर हो चुका है। यहां के लिए रैलियों में भाजपा सरकार बड़ी घोषणाएं करती है, लेकिन उन्हें सिरे चढ़ाने के लिए बजट में कुछ नहीं किया जाता। इससे साफ है कि हरियाणा के साथ छलावा हो रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा को बजट से काफी अपेक्षाएं थीं। हरियाणा को नई रेल लाइन, उद्योगों के लिए बड़ी राहत और टैक्स में छूट जैसी कई उम्मीदें थी। प्रदेशवासियों को बजट पेश होने के साथ ही बड़ा झटका लगा है। भाजपा सरकार के दावों और यथार्थ में सिर्फ अंतर नहीं बल्कि बहुत बड़ी खाई है, जिसे कभी भरा ही नहीं जा सकता। भाजपा यहां सिर्फ वोटों की राजनीति करती है। बजट का बड़ा हिस्सा वहीं पर देती है, जहां से उनकी सरकार को सहारा मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि किसान भी बजट से उम्मीद लगाए बैठे थे। बेरोजगार युवा भी रोजगार के लिए बड़ी योजना की बाट में थे। सभी को भाजपा सरकार ने झटका दिया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में हरियाणा की जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। क्योंकि भाजपा ने हरियाणा के साथ हमेशा ही छलावा करने का काम किया है। हरियाणा से केंद्र में तीन-तीन मंत्री हैं, इसके बाद भी हरियाणा के हाथ खाली हैं।
