
नारनौल, सतीश कौशिक : रविवार शाम को शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ बलवान शर्मा पर अज्ञात युवकों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, हमलावरों की संख्या सात से आठ बताई जा रही है, जिनमें से तीन युवक घर के अंदर घुसे, जबकि अन्य बाहर निगरानी करते रहे। घटना के बाद पत्रकार को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पीड़ित बलवान शर्मा के अनुसार हमलावरों ने पहले उनका नाम पूछा और इसके बाद अचानक हमला कर दिया। आरोपितों ने हाथों में पहने कड़ों से हाथ और छाती पर कई वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। बाहर खड़े हमलावरों के पास चाकू होने की बात भी सामने आई है।
घटना के दौरान एक काली रंग की थ्री एक्स ओ कार भी मौके पर देखी गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों इसी गाड़ी में बैठ कर आए हो। लड़ाई झगडे का शोर होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद स्वजन और स्थानीय लोगों ने बलवान शर्मा को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनके हाथों और छाती पर गंभीर चोटों की पुष्टि की है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।*पीड़ित के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी*पत्रकार पर हमले की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस तथा सीआईए टीम मौके पर घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे, वहीं पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, हालांकि अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।घटना के बाद पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने पीड़ित बलवान शर्मा से मोबाइल फोन पर बातचीत कर हालचाल जाना और आश्वासन दिया कि आरोपितों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी के निर्देश संबंधित टीमों को दिए हैं।
