

गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज :गुरुग्राम के पॉश क्षेत्र गोल्फ कोर्स रोड स्थित ग्लोबल फोयर मॉल में रेस्टोरेंट चलाने वाली एक दक्षिण कोरियाई महिला ने अपने रेस्तरांं के लिए मॉल मैनेजमेंट पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि रेंट और मेंटेनेंस का भुगतान करने के बावजूद उसके रेस्टोरेंट के पानी-बिजली कनेक्शन काट दिया गया।
पीड़ित व्यवसायी महिला ने पुलिस और अपनी एंबेसी को लिखी शिकायत में कहा कि मैं, ह्ययंग ली, दक्षिण कोरिया की नागरिक हूं और पिछले 14 वर्षों से भारतीय कानूनों, लाइसेंसों और कर दायित्वों का पूर्णतः पालन करते हुए ग्लोबल फ़ोयर मॉल में अपने रेस्टोरेंट MISO का संचालन कर रही हूं।
पिछले तीन वर्षों से मुझे बिल्डर वासु गर्ग और मॉल प्रबंधन द्वारा लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें किराए और रखरखाव का समय पर भुगतान करने के बावजूद बिजली और पानी की आपूर्ति बार-बार और गैरकानूनी रूप से काटना शामिल है। जबकि मेरे पास कानूनी रूप से रेस्टोरेंट का एग्रीमेंट किया गया है, लेकिन बिल्डर लगातार मुझसे परिसर को खाली करने के लिए जानबूझकर कर मजबूर रहे हैं।
विदेशी महिला ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा भेजी गई कई शिकायतों के बावजूद भी अभी तक पुलिस व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे वह काफी परेशान और आर्थिक संकट से जूझ रही है।
पीड़ित ने कहा कि उसके साथ हो रहे उत्पीड़न तथा व्यापार में आ रही बाधा को दूर कराया जाए । कहीं ऐसा ना हो कि प्रशासन द्वारा कार्रवाई न करने पर मेरे पास भारत में व्यापार करने के गन्दे अनुभवों के साथ छोड़कर जाना पड़ा सकता है।
*पुलिस ने अपनी तरफ से आधी रात्रि को भेजा पक्ष*
गुरुग्राम पुलिस ने देर रात्रि में उक्त मामले पर प्रेस नोट जारी कर अपना पक्ष मीडिया को साझा किया हैं, जिसमें बताया गया है कि कोरियन महिला द्वारा 7 अगस्त 2025 को एक शिकायत थाना सुशांत लोक में मॉल प्रबंधन के खिलाफ परेशान करने बारे में दी थीं। जिसकी जांच 8 अगस्त को दोनों पक्षों को थाना में बुलाकर आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई, जिसमें यह बात सामने आई कि विदेशी महिला करीब 14 वर्षों से मॉल में एक रेस्टोरेंट चलाती है। इस रेस्टोरेंट से निकले पानी के कारण मॉल की बिल्डिंग को हुए नुकसान की एवज में मॉल प्रबंधन ने महिला को करीब 9 लाख रुपए का डिमांड नोटिस दिया था।
परंतु महिला द्वारा 9 लाख रुपए जमा नहीं करवाए गए थे। जिस कारण मॉल प्रबंधन तथा महिला के बीच बिजली पानी को लेकर कुछ विवाद हो गया था। मामला सिविल नेचर का होने के कारण गुरुग्राम पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की बैठक करवाई गई थी। जिसमें बिजली पानी के विवाद का आपसी समझौता दोनों पक्षों में आपसी सहमति से हो गया था।
वहीं दोनों पक्षों का बाकी 9 लाख रुपए के विवाद को निपटाने के लिए सोमवार को दोबारा मीटिंग करने का समय लिया गया था। सोमवार को दोनों पक्षों की लीगल टीम की उपस्थिति में मीटिंग करवाई जाएगी तथा मामले को आपसी सहमति से निपटाएं जाने के हर सम्भव प्रयास किए जाएंगे।
