गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: पूर्व सांसद एवं गुडग़ांव लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर करारा सियासी हमला बोला है। दिल्ली में होने वाली लोकतंत्र बचाओ रैली की पूर्व संध्या पर गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक के दौरान राज बब्बर ने कहा कि जिस नेता की अपनी ही पार्टी में कोई कद्र नहीं रह गई है, उनसे इलाके के विकास या जनता के काम की उम्मीद लगाना पूरी तरह बेमानी है।
बैठक में जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज व, जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पूर्व कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन किया। इसके बाद बैठक में राज बब्बर ने कहा कि राव इंद्रजीत ने खुद विभाजन विभीषिका के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय समेत वरिष्ठ नेताओं के सामने यह स्वीकार किया था कि उन्हें पार्टी के प्रमुख कार्यक्रमों में आमंत्रित तक नहीं किया जाता। जब सत्ताधारी दल के भीतर ही केंद्रीय मंत्री की इज्जत दांव पर लगी है, तो वे क्षेत्र के हकों की लड़ाई क्या खाक लड़ेंगे।
श्री बब्बर ने भाजपा के उन आरोपों पर भी तीखा पलटवार किया, जिसमें कांग्रेस और राहुल गांधी पर भीड़तंत्र के सहारे सत्ता पाने की कोशिश का आरोप लगाया जा रहा था। उन्होंने 2013-14 के राजनीतिक घटनाक्रम की याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा आज दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपना इतिहास देखे। उन्होंने आरोप लगाया कि 2013 में भाजपा ने घोटालों का झूठा नैरेटिव गढ़ा और इसी तरह के कथित भीड़तंत्र का इस्तेमाल कर देश की सत्ता हासिल की थी। आगामी एक नवंबर दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटने वाला विशाल जनसैलाब विपक्षी इंडिया गठबंधन की एकजुटता और देश के संविधान व लोकतंत्र की रक्षा का स्पष्ट संदेश देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की विभाजनकारी नीतियों और झूठे दावों को बेनकाब करते हुए इस रैली को ऐतिहासिक बनाएं, क्योंकि देश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।
जिला अध्यक्ष (शहरी) व ग्रामीण ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुग्राम शहर व ग्रामीण इस रैली में सबसे ज्यादा भागीदारी रहेगी। हमारी सभी ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर की टीमें पूरी तरह तैयार हैं। सुबह से ही बसें रवाना होंगी। हमें यह दिखाना है कि गुरुग्राम का कार्यकर्ता राहुल जी और खडग़े जी के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। उन्होंने कहा कि आज देश के हालात बहुत ही खराब हैं। महंगाई ने गरीब की थाली छीन ली है, बेरोजगारी ने नौजवानों के सपनों को तोड़ दिया है और नफरत की राजनीति ने भाई को भाई से लड़ाने का काम किया है। यह सरकार सिर्फ जुमलों पर चल रही है। रैली से भाजपा बौखलाहट में निराधार बयानबाजी कर रही है।

