पलवल, सतीश कौशिक: गुरुवार को पलवल के हुडा सेक्टर-2 स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला ने की। इस अवसर पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर, ईवीएम और वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता तक सही जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। भाजपा कार्यकर्ता बुद्धिजीवी वर्ग के सहयोग से लोगों को जागरूक करेंगे और तथ्यों के आधार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगे।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चुनाव आयोग की प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूचियों की समीक्षा करना और उनकी शुद्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के बीच जाकर एसआईआर की आवश्यकता और इसके उद्देश्य के बारे में लोगों को जानकारी दें।
खेल मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी इंडिया गठबंधन चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर सवाल उठाकर जनता के बीच अविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जनता का विश्वास अर्जित करना पड़ता है। भाजपा विकास कार्यों और जनसेवा के आधार पर जनता के बीच जाती है।
* SIR की प्रक्रिया और संवैधानिक महत्व पर रखे विचार*
सम्मेलन के मुख्य वक्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष यादव ने अपने संबोधन में एसआईआर की आवश्यकता, उसके उद्देश्य और चुनावी व्यवस्था में मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने एसआईआर से संबंधित विभिन्न पहलुओं तथा पूर्व में अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रियाओं की जानकारी भी उपस्थित लोगों के सामने रखी।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा संचालित प्रक्रियाओं को समझना और उनके संबंध में सही जानकारी प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है। उन्होंने बुद्धिजीवी वर्ग से अपील की कि वे समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोगों तक तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर चर्चा तथ्यों और नियमों के आधार पर होनी चाहिए, ताकि जनता के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने।
*ईवीएम और चुनाव परिणामों पर भी कांग्रेस को घेरा*
गौरव गौतम ने ईवीएम को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जाने वाले सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद मतदान प्रणाली पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि केवल चुनावी परिणामों पर सवाल उठाने से राजनीतिक सफलता नहीं मिलती, बल्कि जनता के बीच काम करना और उसका विश्वास जीतना आवश्यक है।खेल मंत्री ने कहा, “एक झूठ को बार-बार बोलने से वह सच नहीं हो जाता। इस देश में काम करना पड़ता है, देश के लोगों का दिल जीतना पड़ता है, तब लोग वोट देते हैं।”उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया से संबंधित तथ्यों को लेकर घर-घर तक पहुंचेंगे। समाज के बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को सही जानकारी मिल सके।
*बुद्धिजीवी वर्ग से जनजागरण में सहयोग की अपील*
भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला ने सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बुद्धिजीवी वर्ग समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करने और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।सम्मेलन में उपस्थित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी एसआईआर तथा चुनावी प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने, समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया गया।

