गुरुग्राम, सतीश कौशिक: ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान के तहत रविवार को हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पटौदी की पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पर्ल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटौदी में विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारी मोहल्ले से शुरू हुआ मार्च विभिन्न इलाकों से होता हुआ रेवाड़ी चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।
पर्ल चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।उन्होंने पटौदी क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए जटौली मंडी कॉलेज में जलभराव, पटौदी के सरकारी अस्पताल में सुविधाओं की कमी, बिनौला में प्रस्तावित इंडियन नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी के अधूरे निर्माण, टूटी सड़कों, दूषित पेयजल और बिजली की अनियमित आपूर्ति पर भी सवाल उठाए।पर्ल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ‘आईना सत्याग्रह’ के माध्यम से जनता की समस्याओं और सरकार की जवाबदेही के मुद्दे उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन का समापन हुआ।इस दौरान नीरज यादव, रविंद्र चौहान, सुभाष सरपंच जुडौला, प्रवीण यादव, रमेश शर्मा, हनीफ कुरेशी, डॉ. हरिओम सभरवाल, काजल शर्मा, अंकिता यादव, रुखसाना बेगम सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

