गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। रविवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा व विधायक मुकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से निगम वार्ड 21 में तीन महत्वपूर्ण मॉडल रोड परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर लगभग 23.84 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इनके माध्यम से प्रमुख मार्गों के निर्माण एवं नवीनीकरण के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
उक्त विकास परियोजनाओं में झील चौक से वजीराबाद वेलकम गेट तक मॉडल रोड, कबूतर चौक से गोल्फ कोर्स रोड तक मॉडल रोड तथा आर्टेमिस अस्पताल से हांगकांग बाजार तक मॉडल रोड का निर्माण एवं नवीनीकरण शामिल है। झील चौक से वेलकम गेट तक मॉडल रोड के निर्माण एवं नवीनीकरण पर लगभग 7.18 करोड़ रुपए, कबूतर चौक से गोल्फ कोर्स रोड, सेक्टर-56 तक मॉडल रोड के निर्माण एवं नवीनीकरण के लिए लगभग 9.06 करोड़ रुपए तथा आर्टेमिस अस्पताल से हांगकांग बाजार तक मॉडल रोड के निर्माण के लिए लगभग 7.61 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ताऊ देवीलाल पार्क (बॉटनिकल गार्डन) में लाइब्रेरी निर्माण कार्य भी विकास योजनाओं में शामिल है। इससे क्षेत्र में नागरिकों के लिए अध्ययन एवं पठन-पाठन से जुड़ी सुविधा विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा। हालांकि, इस परियोजना की लागत और कार्यादेश से संबंधित विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।

शिलान्यास समारोह में निगम पार्षद सोनिया यादव, पूर्व मनोनीत पार्षद मनीष यादव, नवीन यादव किट्टू, आरडब्ल्यूए प्रधान प्रवीण यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
