
गुरुग्राम, सतीश कौशिक: भारतीय जनता पार्टी गुरुग्राम जिला कार्यालय गुरु कमल में आयोजित महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने 7 अक्टूबर को गुरुग्राम में आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि बुधवार, 7 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती ग्राउंड (लेजर वैली) में आयोजित कार्यक्रम में देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री माननीय अमित शाह जी सेवा ज्योति यात्रा का स्वागत करेंगे।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह अवसर भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष गौरव और हर्ष का विषय है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को निरंतर मजबूती मिली है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में 17 सितंबर से विकसित भारत संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्षा ने कहा कि विकसित भारत संकल्प अभियान के निमित्त देशभर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जा रही है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण और सेवा के संकल्प से जोड़ने का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सेवा ज्योति यात्रा 7 अक्टूबर को गुरुग्राम पहुंचेगी।
गुरुग्राम में इस यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा तथा इसके पश्चात सेवा ज्योति को सिग्नेचर टावर चौक पर स्थापित किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्षा ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी वर्चुअली जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने और समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रदेश अध्यक्षा डॉ गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत संकल्प अभियान का उद्देश्य भारत को प्रत्येक क्षेत्र में आत्मनिर्भर, सक्षम और विकसित राष्ट्र बनाना है। यह अभियान केवल विकास की योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिक की सहभागिता को भी प्राथमिकता दी गई है।उन्होंने कहा कि स्वच्छता, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और धरती बचाओ जैसे विषयों को जन-आंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है। आज रासायनिक पेस्टिसाइड के अत्यधिक इस्तेमाल के कारण जमीन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना और उन्हें टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों से जोड़ना आवश्यक है।
डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि जल संरक्षण भी विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक को पानी बचाने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्व को समझते हुए राष्ट्रहित में योगदान देगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने मीडिया के माध्यम से हरियाणा की जनता से भाजपा हरियाणा नमो सेवा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने का भी आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को विभिन्न जनसेवा गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है तथा जरूरतमंद नागरिकों की मुफ्त कैटरैक्ट सर्जरी भी कराई जाएगी।प्रदेश अध्यक्षा ने कहा कि सेवा और जनकल्याण भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार है। जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही सच्चे अर्थों में सेवा है।डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग नमो सेवा पोर्टल से जुड़ें और सेवा के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल, जिला मीडिया प्रभारी एवं मन की बात जिला संयोजक अजय दुआ तथा जिला मीडिया सह प्रभारी राजन चौहान सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
