गुरुग्राम, सतीश कौशिक: भारतीय जनता पार्टी के गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह अनर्गल विलाप और हंगामा जमीनी स्तर पर उनकी लगातार हो रही राजनीतिक हार और आंतरिक हताशा का जीता-जागता प्रमाण है। वोट चोरी और तुष्टिकरण विपक्ष का असली चरित्र है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का इतिहास हमेशा से ‘वोट चोरी’ और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का रहा है। जब देश की जनता ने इन्हें पूरी तरह से नकार दिया है, तो ये अपनी कमियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर कीचड़ उछाल रहे हैं। विपक्ष ने हमेशा देश में विकास विरोधी राजनीति की है और अब जब पारदर्शी चुनाव प्रणाली के कारण उनकी दाल नहीं गल रही, तो वे जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष व स्वायत्त संस्थाओं पर ऊँगली उठाना भारतीय लोकतंत्र का अपमान है। चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता और नियमबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है। कांग्रेस और अन्य दलों को देश की जनता, लोकतंत्र और संवैधानिक प्रक्रियाओं पर कोई भरोसा नहीं रह गया है। वे केवल तभी चुनाव प्रणाली को सही मानते हैं जब परिणाम उनके पक्ष में हों अन्यथा वे बिना किसी साक्ष्य के आरोप लगाना शुरू कर देते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बढ़ता भारत विपक्ष की आँखों में खटक रहा है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं हरियाणा के विकास पुरुष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। गरीब कल्याण योजनाएं, मजबूत बुनियादी ढांचा और पारदर्शी शासन के कारण देश की जनता का विश्वास भाजपा के प्रति निरंतर मजबूत हुआ है। विपक्ष इस अभूतपूर्व विकास और जनता के समर्थन को पचा नहीं पा रहा है, इसलिए वह केवल विरोध के नाम पर राजनीति को दूषित करने का काम कर रहा है। जनता विपक्ष के बहकावे में नहीं आएगी। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश और हरियाणा की जागरूक जनता विपक्ष के इस दोहरे चरित्र और ‘वोट चोरी’ की मंशा को भली-भांति समझ चुकी है। विपक्ष चाहे जितने भी अनर्गल आरोप लगा ले या विरोध प्रदर्शन कर ले, वे जनता के दिलों से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी और भाजपा के प्रति अटूट विश्वास को कम नहीं कर सकते। भारतीय जनता पार्टी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और विपक्ष के हर भ्रामक दुष्प्रचार का पुरजोर जवाब देगी।

